ओपीडी शुरू करने की तैयारियों में तेजी, मेडिकल उपकरणों की खरीद और स्टाफ भर्ती समय से कराने के निर्देश
अकरम खान
किच्छा। निर्माणाधीन सेटेलाइट एम्स किच्छा में स्वास्थ्य सेवाएं जल्द शुरू कराने को लेकर प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को करीब 351 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 280 बेड क्षमता वाले एम्स का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों की संख्या और आवश्यक उपकरण बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीपीडब्लूडी के अधीक्षण अभियंता और एनसीसी के महाप्रबंधक को आगामी 10 सितंबर तक एम्स के भूतल एवं प्रथम तल का निर्माण कार्य पूर्ण कर हस्तगत करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि चिकित्सालय भवनों का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना बनाकर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि यहां ओपीडी सेवाएं शीघ्र शुरू की जा सकें। उन्होंने मेडिकल उपकरणों की खरीद, उनकी समय पर स्थापना और मेडिकल स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
250 बेड, 10 ओटी और 30 आईसीयू बेड की सुविधा
सीपीडब्लूडी के अधीक्षण अभियंता/परियोजना निदेशक उत्पल त्रिपाठी ने बताया कि भूतल एवं प्रथम तल का कार्य 10 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो आवासीय भवनों का निर्माण पूरा कर उन्हें हस्तगत किया जा चुका है, जबकि शेष आवासीय भवनों का कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा। चिकित्सालय की सड़कें लगभग तैयार हैं तथा प्लांटेशन का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि एम्स में 250 बेड, 10 ऑपरेशन थिएटर, 30 आईसीयू बेड, डायग्नोस्टिक एवं लैब सुविधाओं के साथ कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स तथा इमरजेंसी एवं ट्रॉमा जैसी चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा परिसर में सराय और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी प्रस्तावित हैं।
एप्रोच गेट पर नाला और पुलिया बनाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने एम्स के हाईवे साइड स्थित तीन एप्रोच गेटों के पास नाला निर्माण तथा एप्रोच पुलिया का कार्य कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता सिंचाई को दिए। उन्होंने संबंधित कार्य को एक माह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल परिसर में आवागमन की सुविधा बेहतर हो सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, उप जिलाधिकारी गौरव पांडे, सीपीडब्लूडी के अधीक्षण अभियंता/परियोजना निदेशक उत्पल त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस डांगी, लोक निर्माण विभाग के गजेंद्र सिंह, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी, एनसीसी के महाप्रबंधक शंकर बालू, हरिशंकर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







