पंतनगर विश्वविद्यालय से ‘ग्रीन रिवोल्यूशन 2.0’ का किया आह्वान, 50 हजार पौधरोपण अभियान की सराहना
अकरम खान की रिपोर्ट।
पंतनगर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गांधी हॉल में आयोजित हरित यज्ञ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और प्रत्येक परिवार द्वारा कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इससे पूर्व राज्यपाल ने तराई भवन परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा विश्वविद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को माता का स्वरूप माना गया है और पर्यावरण संरक्षण हमारी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, ग्लेशियरों के पिघलने, वनाग्नि और जैव विविधता पर बढ़ते संकट के बीच हरेला पर्व हमें केवल पौधे लगाने की नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने उत्तराखंड के चिपको आंदोलन, गौरा देवी और मैती आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं, वन पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं की भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे मातृभूमि और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रेरक अभियान बताया।
राज्यपाल ने पंतनगर विश्वविद्यालय से ‘ग्रीन रिवोल्यूशन 2.0’ का नेतृत्व करने का आह्वान करते हुए कृषि में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा विज्ञान, जल संरक्षण, कार्बन प्रबंधन तथा आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रत्येक शोध किसानों तक पहुँचना चाहिए और उनकी आय व जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए।
उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा हरेला महोत्सव के अंतर्गत 50 हजार पौधों के रोपण एवं संरक्षण के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण के साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पांच प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच कृषि नवाचार, कार्बन क्रेडिट, बायोगैस, आधुनिक सिंचाई प्रणाली तथा कृषि उद्यमिता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर समझौता ज्ञापनों (एमओयू) की घोषणा की गई।
ड्रैगन फ्रूट की खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान अनूप मौर्य को राज्यपाल ने प्रशस्ति पत्र तथा 1.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय हरित क्रांति का जन्मस्थान रहा है और आज भी कृषि अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि हरेला महोत्सव के अंतर्गत विश्वविद्यालय, अनुसंधान केंद्रों, कृषि विज्ञान केंद्रों तथा गोद लिए गए गांवों में 50 हजार पौधों का रोपण एवं संरक्षण किया जाएगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र ने भी जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक नागरिक से कम-से-कम तीन पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, विश्वविद्यालय के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, किसान एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







