नवभारत इंडिया टीवी 24, अकरम खान
खटीमा। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित कृषि एवं डेयरी उत्पादों की ट्रेड डील का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी तुषार सैनी को सौंपा। किसानों ने इस डील को देशहित और किसान हित के खिलाफ बताते हुए तत्काल निरस्त किए जाने की मांग की।
मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के पदाधिकारियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि भारत सरकार द्वारा अमेरिका के साथ कृषि फसलों एवं डेयरी उत्पादों को लेकर की जा रही ट्रेड डील से देश के किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। किसानों का कहना है कि भारत में पहले से ही कृषि एवं डेयरी उत्पादों का पर्याप्त उत्पादन हो रहा है, ऐसे में विदेशों से इन उत्पादों का आयात किसानों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।
किसान नेताओं ने कहा कि यदि अमेरिका से कृषि एवं डेयरी उत्पाद बड़े पैमाने पर भारतीय बाजार में आए तो स्थानीय किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों में बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इससे किसानों की आय प्रभावित होगी और कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचेगा।
भारतीय किसान यूनियन ने प्रधानमंत्री से मांग की कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अमेरिका के साथ प्रस्तावित कृषि एवं डेयरी उत्पादों की ट्रेड डील को तत्काल निरस्त किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष मनजिंदर सिंह भुल्लर, अनिल सिंह राणा, लाल सिंह, हरजीत सिंह, राहुल राणा, गुरजिंदर सिंह, हरीश चंद्र, सुरेंद्र सिंह एवं विचित्र सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।






