अकरम खान की रिपोर्ट।
किच्छा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रदेश के माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से देहरादून में मुलाकात कर क्षेत्र के 15 राजकीय विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग एक बार फिर प्रमुखता से उठाई। इस दौरान उन्होंने मंत्री को पत्र सौंपते हुए वर्षों से लंबित मांग पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।
विधायक बेहड़ ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धौराडाम, सिरौली, रामेश्वरपुर, गिद्धपुरी, किच्छा, खमरिया एवं छिनकी को हाईस्कूल स्तर पर उच्चीकृत किए जाने की मांग की। वहीं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बब्बरपुर, तुर्कागौरी, रामनगर, पंतपुरा, नगला, भंगा तथा राजकीय उच्च विद्यालय किच्छा को इंटरमीडिएट स्तर तक उन्नत करने और राजकीय प्राथमिक विद्यालय आनंदपुर को उच्च प्राथमिक विद्यालय का दर्जा देने का अनुरोध किया।
उन्होंने शिक्षा मंत्री को अवगत कराया कि इस संबंध में वह पूर्व में भी 2 मई 2023 को पत्र भेज चुके हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी और विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए विद्यालयों का उच्चीकरण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि उत्तराखंड में लगभग दो दशकों से किसी भी राजकीय विद्यालय का उच्चीकरण नहीं हुआ है। इसके कारण हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों की संख्या मांग के अनुरूप नहीं बढ़ सकी है। किच्छा नगर में वर्तमान में केवल एक राजकीय इंटर कॉलेज होने से हर वर्ष प्रवेश के दौरान अत्यधिक दबाव रहता है और अनेक छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों की कमी के कारण विशेष रूप से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों में जाना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। उत्तर प्रदेश शासन के समय जिन विद्यालयों का उच्चीकरण हुआ था, उसके बाद किच्छा विधानसभा क्षेत्र में इस दिशा में कोई महत्वपूर्ण कदम नहीं उठाया गया।
विधायक बेहड़ ने कहा कि यदि इन विद्यालयों का उच्चीकरण होता है तो ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी तथा उन्हें अन्य स्थानों पर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधायक बेहड़ की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और किच्छा विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रस्तावित विद्यालयों के उच्चीकरण पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।







